बॉण्ड वर्ष 2026 में समाप्त होने वाले गृह रक्षकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला समादेष्टा कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश
रिपोर्ट:- शाहिन खान
गोड्डा।
जिले में वर्ष 2026 में बॉण्ड समाप्त होने वाले गृह रक्षकों के लिए पुनः नामांकन की प्रक्रिया आगामी 30 सितंबर 2026 को पूरी की जाएगी। जिला पुनः नामांकन समिति के निर्णय के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 27 गृह रक्षकों का बॉण्ड/पुनः नामांकन किया जाना है। इसके लिए संबंधित गृह रक्षकों की निर्धारित तिथि को जिला समादेष्टा, झारखण्ड गृह रक्षा वाहिनी, गोड्डा कार्यालय में उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
गृह रक्षक (स्वयं सेवक) नियमावली-2014 की कंडिका-6 तथा स्थायी आदेश संख्या 08/2024 के प्रावधानों के तहत यह पुनः नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। विभाग ने संबंधित गृह रक्षकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक अभिलेखों एवं प्रमाण-पत्रों के साथ कार्यालय पहुंचकर पुनः नामांकन की प्रक्रिया पूरी करें।
इन प्रखंडों के गृह रक्षक होंगे शामिल
पुनः नामांकन में गोड्डा ग्रामीण के 7, बोआरीजोर और सुंदरपहाड़ी के 4-4, पथरगामा और पोड़ैयाहाट के 3-3, जबकि मेहरमा, ठाकुरगंगटी और महागामा के 2-2 गृह रक्षक शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 27 गृह रक्षकों का पुनः नामांकन किया जाएगा।
दस्तावेजों की जांच के बाद पूरा होगा नामांकन
पुनः नामांकन के लिए गृह रक्षकों को बुनियादी प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, जन्मतिथि संबंधी प्रमाण-पत्र, परिचय पत्र, आधार कार्ड, आवासीय एवं जाति प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ वर्दी में छह रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होंगे। इसके अलावा आवेदन से पूर्व के दो वर्षों में किन्हीं दो अवसरों पर की गई ड्यूटी के कमान पत्रों की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
जिला समादेष्टा कार्यालय के अनुसार फॉर्म ‘अ’ एवं ‘ग’ के साथ जमा किए गए सभी अभिलेखों और प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के बाद ही पुनः नामांकन की कार्रवाई पूरी की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद पुनः नामांकन के लिए किए जाने वाले किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।
ऐसे में वर्ष 2026 में बॉण्ड समाप्त होने वाले सभी संबंधित गृह रक्षकों से समय पर कार्यालय पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पुनः नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
