नगर थाना में शांति समिति की बैठक, निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस; भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर
रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने की। इसमें पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस के रूट, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा और जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोजकों और समिति के सदस्यों से प्रशासन के निर्देशों का अक्षरश: पालन करने तथा जुलूस के दौरान अनुशासन और संयम बनाए रखने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर
सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने कहा कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। भड़काऊ, जातिसूचक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा संदेश प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन के उसे आगे साझा न करें।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि, आपत्तिजनक सामग्री या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने कहा कि गोड्डा की आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को कायम रखते हुए ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दें। किसी भी अफवाह या उकसावे में आने के बजाय तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
