खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने की पहल की केंद्र सरकार ने की सराहना, रमाकांत चतुर्वेदी को मिला ‘Best Performing District Nodal Officer Award’

रिपोर्ट:- शाहीन खान

 

गोड्डा। छोटे कारोबार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में गोड्डा जिले की पहल को अब राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए गोड्डा के महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (GM DIC)-सह-जिला नोडल पदाधिकारी, PMFME रमाकांत चतुर्वेदी को प्रतिष्ठित ‘Best Performing District Nodal Officer Award’ से सम्मानित किया गया है।

 

नई दिल्ली स्थित IHC में 24 और 25 अगस्त को आयोजित PMFME Conclave 2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें Certificate of Appreciation भी दिया गया। योजना को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई।

गांव के छोटे कारोबार को बड़ा बाजार देने की कोशिश

PMFME योजना के जरिए जिले में छोटे खाद्य प्रसंस्करण कारोबारियों और सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पात्र लाभुकों को योजना की जानकारी देने से लेकर आवेदन प्रक्रिया में सहयोग, योजनाओं की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस पहल का सीधा उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि और खाद्य उत्पादों को केवल कच्चे माल के रूप में बेचने के बजाय उनका प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और बेहतर मार्केटिंग कराना है। इससे स्थानीय उत्पादों से जुड़े छोटे कारोबारियों को मजबूत करने के साथ युवाओं और महिला उद्यमियों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

एक अधिकारी का सम्मान, पूरे जिले की उपलब्धि

राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने रमाकांत चतुर्वेदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गोड्डा जिले के लिए गौरव का विषय है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों और उद्यमियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह सम्मान केवल एक पदाधिकारी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं माना जा रहा, बल्कि गोड्डा में स्थानीय संसाधनों को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में हो रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति के रूप में भी देखा जा रहा है। जिले के छोटे खाद्य कारोबारियों के लिए यह उपलब्धि आने वाले दिनों में नए अवसरों और बेहतर बाजार की उम्मीद बढ़ाती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *