स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और विभागीय सचिव के साथ बैठक में उठाया मुद्दा, मुख्यमंत्री के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई

Edit By: शाहीन खान 

गोड्डा: राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी (गोड्डा) की मान्यता और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में विधायक संजय यादव की पहल असर दिखाने लगी है। गुरुवार को उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अजय सिंह के साथ बैठक कर कॉलेज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में संजय यादव ने कॉलेज की मान्यता, शिक्षकों की कमी और शैक्षणिक संसाधनों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं इस मामले से अवगत हैं और उनके निर्देश पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर कॉलेज में छह नए लेक्चररों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है, जिससे संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

संजय यादव ने कहा कि कॉलेज की मान्यता से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। उनका कहना था कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी कॉलेज के विकास और मान्यता के लिए लगातार पहल की गई थी और अब भी उसी प्रतिबद्धता के साथ सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस विषय पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनका उद्देश्य केवल कॉलेज का विकास, विद्यार्थियों का भविष्य और जनहित सुनिश्चित करना है।

संजय यादव ने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग और विभागीय प्रयासों से राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी को जल्द स्थायी मजबूती मिलेगी और मान्यता से जुड़े सभी लंबित कार्य समय पर पूरे होंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *