गोड्डा, 30 जुलाई। जिले में ज्वेलरी दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में महागामा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में गठित टीम ने महागामा थाना कांड संख्या 33/26 के अनुसंधान के दौरान पहले अप्राथमिकी अभियुक्त छोटू कुमार (सन्हौला, भागलपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम बताए।
इसके आधार पर पुलिस ने मो. मोकर्रम, जिया उर्फ जियाउर्रहमान एवं सूरज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सभी आरोपियों ने महागामा थाना कांड के अलावा हनवारा थाना क्षेत्र की दो ज्वेलरी दुकानों में चोरी की वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक चांदी का ब्रेसलेट, एक चांदी की गले की चेन, तीन मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल (महागामा), थाना प्रभारी ध्रुव कुमार (हनवारा), सहायक अवर निरीक्षक खालीद अहमद खान, सहायक अवर निरीक्षक अजय सिंह रवानी सहित महागामा एवं हनवारा थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
