पंजवारा पुलिस ने कार से 498.96 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
ब्रजेश राठौर
पंजवारा/बांका
पंजवारा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार शाम शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 499 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पंजवारा थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोड्डा की ओर से एक एक्सयूवी-500 (पंजीकरण संख्या JH16C1967) में भारी मात्रा में विदेशी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग में टक्कर मारते हुए वाहन लेकर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और पंजवारा-धोरैया मुख्य मार्ग पर ग्राम रामकोल स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप घेराबंदी कर एक्सयूवी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से कुल 498.96 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में ऑफिसर चॉइस की 180 एमएल की 34 कार्टन (2,272 पीस) कुल 408.96 लीटर, किंगफिशर की 500 एमएल की 36 बोतलें (18 लीटर), आरएस की 750 एमएल की 5 कार्टन (60 बोतल) कुल 45 लीटर तथा रॉयल चैलेंजर्स व्हिस्की की 750 एमएल की 3 कार्टन (36 बोतल) कुल 27 लीटर शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल यादव (23 वर्ष), पिता अश्ली यादव, निवासी वैरिशल, थाना कटोरिया, जिला बांका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक्सयूवी वाहन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
