गोड्डा: फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम–2026 के तहत जिले में चल रहे रात्रि रक्त-पट्ट (ब्लड स्लाइड) संग्रह अभियान को जनसमर्थन दिलाने के उद्देश्य से पूर्व वार्ड पार्षद प्रितम गाडिया ने अपनी माता अन्नपूर्णा देवी एवं पत्नी श्वेता गाडिया के साथ शिविर पहुंचकर फाइलेरिया जांच के लिए रक्त का नमूना दिया। उनके इस कदम को लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर प्रितम गाडिया ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और उपचार के माध्यम से इसे पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं और अपने परिवार के साथ जांच कराकर समाज को यह संदेश देना चाहते हैं कि जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित रात्रि रक्त-पट्ट संग्रह शिविरों में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य कराएं और अपने परिवार, पड़ोसियों तथा परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर इस अभियान में सहयोग करें तो गोड्डा को जल्द ही फाइलेरिया मुक्त जिला बनाया जा सकता है।
प्रितम गाडिया ने स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों, आशा कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े सभी कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि “जनभागीदारी ही फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने अंत में लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए फाइलेरिया जांच अवश्य कराएं तथा “स्वस्थ, जागरूक और फाइलेरिया मुक्त गोड्डा” के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उनके इस कदम की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और इसे समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताया।
