धनबाद: धनबाद पुलिस ने आम लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘मिशन अमानत’ की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से देश के विभिन्न राज्यों से बरामद 505 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर उनके असली मालिकों तक सुरक्षित पहुंचाना है। इस पहल के तहत अब हर माह की 25 तारीख को बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए जाएंगे, जिससे लोगों को समयबद्ध तरीके से उनकी अमानत वापस मिल सके।
धनबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो वे बिना देर किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें अथवा अपने नजदीकी थाना में इसकी सूचना दें। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने, ट्रैक करने और बरामद होने पर वापस दिलाने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि ‘मिशन अमानत’ आम जनता का विश्वास मजबूत करने और साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से लोगों की खोई हुई अमानत उन्हें वापस दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
