गोड्डा: जिला प्रशासन और गोड्डा पुलिस की संयुक्त पहल पर शनिवार को सुभदा बैंक्वेट हॉल में आयोजित जनसंवाद सह “ऑपरेशन मुस्कान” कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने 36 गुमशुदा मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मोबाइल वितरण के दौरान लाभुकों ने जिला प्रशासन और गोड्डा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को पुलिस की जनहितकारी कार्यशैली का उदाहरण बताया।
इस मौके पर एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।
वहीं, उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस मिलकर लोगों के विश्वास को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनसंवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, राशन कार्ड, जलजमाव, अतिक्रमण और अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रामानी, उपाध्यक्ष पूजा तिवारी, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
