रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर झारखंड सरकार ने राज्य के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने झारखंड के स्थानीय युवाओं के लिए 100 प्रतिशत नि:शुल्क कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्रशिक्षण योजना शुरू की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को मल्टी इंजन ट्रेनिंग सहित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर उपलब्ध कराना है। अब केवल आर्थिक स्थिति के कारण किसी योग्य छात्र का पायलट बनने का सपना अधूरा नहीं रहेगा।
योजना के तहत कुल 15 सीटों पर चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण सोना सोबरण उड़ान अकादमी, दुमका में 18 से 24 महीने तक चलेगा और सफल प्रशिक्षुओं को डीजीसीए (DGCA) से मान्यता प्राप्त कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रदान किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 31 जुलाई 2026 आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, जबकि 9 अगस्त 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस पहल को राज्य के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में यह योजना झारखंड के युवाओं को देश के विमानन उद्योग में नई पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगी। सरकार का मानना है कि यह पहल न केवल युवाओं के सपनों को पंख देगी, बल्कि झारखंड को विमानन क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
