गोड्डा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से रविवार को गोड्डा जिले के सभी नौ प्रखंडों में मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना, निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना और एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।
मेहरमा प्रखंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कैंप में अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। साथ ही पात्र लोगों के बीच राशन कार्ड, श्रम कार्ड और अन्य स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सीय परामर्श की व्यवस्था की। छात्राओं को साइकिल और दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी दी गई।
इस मौके पर डीएलएसए और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के अधिकारों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। डीएलएसए का यह अभियान जिले के सभी नौ प्रखंडों में लोगों तक न्याय और सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
