ई-विद्या वाहिनी पर रोजाना ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य, 10वीं-12वीं के बेहतर रिजल्ट के लिए स्कूलों को मिले सख्त निर्देश
Edit: Shahin Khan
गोड्डा, प्रतिनिधि।
जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सरकारी विद्यालयों की जवाबदेही बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी लोकेश मिश्रा ने स्पष्ट कर दिया है कि अब शिक्षकों के वेतन एवं मानदेय का भुगतान बायोमीट्रिक उपस्थिति के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर समय से अपलोड की जाए।
बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पीएम श्री विद्यालय एवं ब्लॉक स्तरीय आदर्श विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ शिक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, विषयवार स्प्लिट सिलेबस, रेल परियोजना, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं तथा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के विद्यालयवार परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक ‘गुरुजी’ मोबाइल ऐप पर विषयवार स्प्लिट सिलेबस अपलोड करें तथा रेल परियोजना से संबंधित सभी गतिविधियों और आवश्यक आंकड़ों को नियमित रूप से ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपडेट करें।
बैठक में विद्यालयों में उपलब्ध नहीं होने वाली मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि वे विद्यालयों में भवन, शौचालय, पेयजल, फर्नीचर, बिजली एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी का विस्तृत प्रस्ताव जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि जल्द आवश्यक व्यवस्था की जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित कक्षाओं और प्रभावी मॉनिटरिंग से ही छात्रों का प्रदर्शन बेहतर होगा। सभी विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पीएम श्री विद्यालय एवं ब्लॉक स्तरीय आदर्श विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
