लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के खिलाफ सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में लातेहार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र से एक AK-56 राइफल, दो AK-56 मैगजीन और बड़ी संख्या में जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई को नक्सलियों की गतिविधियों पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के सदस्य इलाके में हथियार छिपाकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने छिपाकर रखे गए हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद कर लिया। हालांकि, अभियान के दौरान कोई उग्रवादी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
लातेहार पुलिस का कहना है कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। हाल के महीनों में लगातार हो रही कार्रवाइयों से प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियारों के संबंध में जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया जाना था। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज किए हुए हैं ताकि उग्रवादियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
