त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ पुलिस मुख्यालय के शौचालय में मृत मिले, जांच शुर
अगरतला/नेशनल डेस्क:
त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय के शौचालय में मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके अर्दली ने शौचालय का दरवाजा देखा, जहां अनुराग धनखड़ अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मेडिकल व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस मुख्यालय और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली।
अनुराग धनखड़ त्रिपुरा कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने मई 2025 में राज्य के पुलिस महानिदेशक का पदभार संभाला था। अपने तीन दशक से अधिक लंबे सेवा काल में उन्होंने त्रिपुरा पुलिस, सीबीआई, बीएसएफ तथा संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो शांति मिशन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
नोट: पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत्यु के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
