साफ-सफाई, अनुसंधान की गुणवत्ता और जनसुनवाई व्यवस्था पर विशेष जोर

गोड्डा, 18 जुलाई।

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को ठाकुरगंगटी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना के कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार और थाना परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया।

एसपी ने थाना के सिरिस्ता, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और प्रत्येक कांड का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित मामलों के घटनास्थल का भी जायजा लिया गया। अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए संबंधित अनुसंधान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की सराहना करते हुए कहा कि आम लोगों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *