राज्य के विभिन्न विभागों में 1.64 लाख से अधिक पद अब भी रिक्त
रांची, 18 जुलाई। झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद विभागों को रिक्तियों का ब्योरा उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 3,51,968 नियमित पद स्वीकृत हैं। इनमें से 1,87,610 पदों पर ही कर्मचारी एवं अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि करीब 1.64 लाख पद अब भी खाली हैं। सबसे अधिक रिक्तियां शिक्षा, स्वास्थ्य और गृह विभाग में हैं।
सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को पहले से विज्ञापित पदों की परीक्षाएं जल्द आयोजित कर चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से नई रिक्तियों का अधियाचन भी मांगा जा रहा है, ताकि जल्द नई भर्ती प्रक्रियाएं शुरू की जा सकें।
आगामी नियुक्तियों में सरकारी विद्यालयों के सहायक शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, नर्स, पैरामेडिकल कर्मी, अभियंता तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पदों पर भर्ती होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी होती हैं, तो स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर करीब 25 हजार नियुक्तियों की घोषणा या नियुक्ति पत्र वितरण किया जा सकता है। इससे राज्य के लाखों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
