गोड्डा, 18 जुलाई। गोड्डा जिले में गृहरक्षकों (होमगार्ड) के नवनामांकन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चयन प्रक्रिया की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमावली के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि चयन के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए ताकि योग्य एवं पात्र अभ्यर्थियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
बैठक में टेक्निकल दक्षता परीक्षा सहित सभी चयन प्रक्रियाओं को तय समय-सारिणी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री विस्पुते श्रीकांत यशवंत, अपर समाहर्ता श्री इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आकाश भारद्वाज, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती निशा तिर्की, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री सुधीर प्रसाद सिंह, जिला चयन समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
