गोड्डा में बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल, अपाची बाइक, नकदी व गलाया हुआ सोना बरामद

गोड्डा, 13 जुलाई। गोड्डा पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, ₹41,500 नकद तथा लूटे गए आभूषणों को गलाकर बनाए गए करीब 39.93 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले में अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाल ज्वेलर्स में धावा बोलकर संचालक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर आतंकित किया। विरोध करने पर फायरिंग करते हुए अपराधियों ने दुकान से सोने के आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद नगर थाना कांड संख्या 125/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर डीएसपी (मुख्यालय) एवं एसडीपीओ गोड्डा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई गहन जांच के बाद पुलिस ने देवघर जिले के अजीत यादव (24 वर्ष) एवं राजेश यादव (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक, एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, ₹41,500 नकद तथा गलाया हुआ सोना बरामद किया। पुलिस का कहना है कि लूटे गए जेवरों को पहचान छिपाने के उद्देश्य से गला दिया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव के खिलाफ देवघर एवं जामताड़ा जिले में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गोड्डा पुलिस ने बताया कि लूटकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *