भागलपुर के हबीबपुर में जनाज़े के दौरान बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्जनों लोग घाय

भागलपुर। भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित कब्रिस्तान के पास रविवार को जनाज़े के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हबीबपुर के मुखिया की पत्नी के जनाज़े में हजारों की संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान जब लोग ताबूत लेकर कब्रिस्तान की ओर जा रहे थे, तभी ताबूत कथित रूप से 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दर्जनों लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (JLNMCH), भागलपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अपनी गाड़ियों सहित अन्य वाहनों की मदद से कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद संबंधित हाईटेंशन लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बिजली काटे जाने से और बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन का तार काफी नीचे और असुरक्षित स्थिति में था, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा घायलों के समुचित इलाज और मुआवजे की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घायलों की आधिकारिक संख्या और हादसे के कारणों को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *