Report Shahin Khan 

गोड्डा। भागलपुर रोड स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल के सामने शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार से आ रही काले रंग की संदिग्ध मारुति स्विफ्ट कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार महिला को कुचलते हुए आगे निकल गई। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

हादसे के समय महिला का छोटा बेटा भी उनके साथ सड़क पार कर रहा था। गनीमत रही कि बच्चा इस हादसे में बाल-बाल बच गया और उसे केवल मामूली चोटें आईं। हालांकि, अपनी मां को आंखों के सामने खो देने के बाद वह गहरे सदमे में है।

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाली गाड़ी काले रंग की मारुति स्विफ्ट जैसी थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से बिहार के सिवान जिले की रहने वाली थीं। उनके पति अडानी में कार्यरत हैं, जिनका हाल ही में छत्तीसगढ़ तबादला हो गया था। बच्चों की पढ़ाई के कारण महिला गोड्डा में ही रह रही थीं। उनके बच्चे सेंट थॉमस मिशन स्कूल में पढ़ते हैं।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *