कांग्रेस ने रंजना कुमारी पर जताया भरोसा, मिली बड़ी जिम्मेदारी; पोड़ैयाहाट की राजनीति में बढ़ी हलचल
गोड्डा, प्रतिनिधि। झारखंड की राजनीति में संगठनात्मक स्तर पर कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए गोड्डा जिला कांग्रेस कमिटी का पुनर्गठन किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर जारी नई सूची में जिला परिषद सदस्य रंजना कुमारी को जिला महासचिव के साथ-साथ पोड़ैयाहाट प्रखंड प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस नियुक्ति को पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने रंजना कुमारी को संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा है।
जिला कांग्रेस कमिटी ने विश्वास जताया है कि रंजना कुमारी अपने अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पोड़ैयाहाट प्रखंड में पार्टी को नई ऊर्जा देंगी तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगी।
नियुक्ति की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रंजना कुमारी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
रंजना कुमारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना होगा।
