Edit By शाहीन खान
रांची/गोड्डा। गोड्डा के राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल को सुदृढ़ और नियमित रूप से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। गोड्डा के विधायक सह राज्य के उद्योग, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर कॉलेज की मान्यता, नियमित संचालन और आवश्यक संसाधनों को लेकर आग्रह किया।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों को बंद करने के पक्ष में नहीं है, बल्कि उन्हें और अधिक सशक्त एवं बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गोड्डा का होम्योपैथिक कॉलेज नियमित रूप से संचालित हो, इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि गोड्डा और संताल परगना के छात्रों के लिए यह संस्थान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और मान्यता से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान का आग्रह किया, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार कॉलेज के विकास को प्राथमिकता देगी और इसे मजबूत बनाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं शैक्षणिक पहल की जाएगी। इस आश्वासन के बाद गोड्डा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उम्मीद जगी है कि कॉलेज का संचालन और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी होगा।
