गोड्डा में पुलिसिंग को और धार देने की पहल, एसपी ने किया ललमटिया थाना का औचक निरीक्षण
Edit By: शाहीन खान
गोड्डा, 30 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को ललमटिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना के सिरिस्ता कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा तथा थाना की समग्र कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया।
एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड के रखरखाव और लंबित मामलों की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सभी लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए और आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों से बेहतर पुलिसिंग, जनविश्वास मजबूत करने तथा कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी थानों में समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनता के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके।
