उद्योगों मिलेगी नई उड़ान, रोजगार सृजन पर मंत्री संजय यादव का खास फोकस
Edit शाहीन खान
हजारीबाग। झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय यादव ने बुधवार को हजारीबाग गेस्ट हाउस में उद्योग विभाग के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री संजय यादव ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, तय समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने तथा बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों को नई गति देने, निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के समग्र औद्योगिक विकास के लिए विभागीय योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। सरकार का लक्ष्य विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।
बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
