रिपोर्ट: रमेश कुमार 

नोनीहाट (दुमका)

नोनीहाट पंचायत अंतर्गत नोनीगांव स्थित धोबय नदी में मंगलवार को नहाने के दौरान 11 वर्षीय बच्ची की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोनीगांव निवासी अशोक चौधरी की 11 वर्षीय पुत्री चन्दना कुमारी मंगलवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ धोबय नदी में नहाने गई थी। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। काफी देर तक खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मासूम बेटी का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में नदी-तालाबों में बच्चों के बिना निगरानी स्नान करने पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *