गोड्डा, 21 जुलाई। पूर्व रेलवे, भागलपुर मंडल के अंतर्गत महागामा–पीरपैंती नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना के लिए मुआवजा भुगतान प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से जिला भू-अर्जन शाखा, गोड्डा द्वारा आयोजित विशेष भुगतान शिविर में रैयतों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में लगभग 300 रैयतों से इंडेम्निटी बॉन्ड प्राप्त किए गए, जिससे उनके मुआवजा भुगतान का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
शिविर में परियोजना प्रभावित 8 गांवों के करीब 550 लाभुकों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान रैयतों से भुगतान प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं इंडेम्निटी बॉन्ड लिए गए। वहीं, जिन रैयतों को निर्धारित मुआवजा (अवार्ड) पर आपत्ति थी, उनसे भी नियमानुसार आवेदन प्राप्त कर लिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी आपत्तियों का विधिसम्मत परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में उपस्थित रैयतों को भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान प्रक्रिया एवं जरूरी दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए हर संभव सहयोग भी प्रदान किया।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि मेहरमा अंचल के रैयतों के लिए 22-23 जुलाई तथा 28-29 जुलाई को मेहरमा अंचल कार्यालय में विशेष भुगतान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंडेम्निटी बॉन्ड जमा करने वाले लाभुकों के मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी तथा प्राप्त आपत्तियों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित रैयतों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि रेल परियोजना के कार्यों में तेजी आए और पात्र लाभुकों को समय पर मुआवजा मिल सके।
