गोड्डा: नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के तहत बुधवार को डीआरडीए सभागार में गोड्डा नगर परिषद (वर्ग-ख) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन कराया गया, जिसमें श्रीमती पूजा तिवारी 13 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उनकी प्रतिद्वंद्वी तराना खातुन को 8 मत मिले।
निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में गोड्डा नगर परिषद के सभी 21 निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। मतदान के बाद मतों की गणना कर परिणाम की विधिवत घोषणा की गई और विजयी उम्मीदवार पूजा तिवारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित गोड्डा शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, निर्वाची पदाधिकारी अविनाश पूर्णेंदु, नगर परिषद गोड्डा के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।















Leave a Reply