“सेव द गर्ल चाइल्ड सप्ताह” को लेकर डीसी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक
गोड्डा:
PC&PNDT अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं “सेव द गर्ल चाइल्ड सप्ताह” के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लिंग चयन पर रोक, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सेव द गर्ल चाइल्ड सप्ताह के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों और बेटियों के महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा PC&PNDT अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सेव द गर्ल चाइल्ड सप्ताह के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों और पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, गोष्ठी एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में सिविल सर्जन गोड्डा डॉ. एस.सी. शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जिला सलाहकार समिति के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।















Leave a Reply