Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

गोड्डा में भ्रष्टाचार पर बड़ा हमला: राजेश मंडल का ऐलान – “स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुसंगठित गोड्डा बनाएंगे”

गोड्डा। शहर की राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नगर अध्यक्ष प्रत्याशी एवं झामुमो नेता राजेश मंडल ने लोहिया नगर स्थित होटल गुनिया में आयोजित प्रेस वार्ता में निवर्तमान अध्यक्ष के 8 साल के कार्यकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान गोड्डा शहर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से त्रस्त रहा तथा अव्यवस्था का “इतिहास” रचा गया।

राजेश मंडल ने कहा कि गोड्डा को बुद्धिजीवियों का शहर माना जाता है और यहां के जागरूक नागरिकों के आग्रह पर ही उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया। “हमारी मंशा चुनाव लड़ने की नहीं थी, लेकिन भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए शहर के बुद्धिजीवियों ने हमें आगे आने को कहा,” उन्होंने कहा।

सफाई कर्मियों का नियमित भुगतान प्राथमिकता

मंडल ने घोषणा की कि उनकी पहली प्राथमिकता सफाई कर्मियों का नियमित भुगतान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किए बिना विकास की कल्पना अधूरी है।

465 फुटकर विक्रेताओं को सरकारी जमीन

उन्होंने बताया कि शहर में 465 फुटकर विक्रेता हैं, जो अतिक्रमण की कार्रवाई के कारण बार-बार परेशान होते हैं। “हम उन्हें सरकारी भूमि मुहैया कराकर स्थायी आजीविका का इंतजाम करेंगे, ताकि उन्हें बार-बार हटाए जाने की समस्या से मुक्ति मिले,” उन्होंने आश्वस्त किया।

विकास के वादों से भरा शपथ पत्र

प्रेस वार्ता के दौरान मंडल ने पत्रकारों को एक विस्तृत शपथ पत्र भी वितरित किया, जिसमें शहर के समग्र विकास से जुड़ी कई योजनाओं का उल्लेख है। इसमें बुनियादी ढांचे के सुधार, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा और संगठित शहरी विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

राजेश मंडल ने अंत में संकल्प दोहराया—“स्वच्छ गोड्डा, सुंदर गोड्डा, सुरक्षित गोड्डा और सुसंगठित गोड्डा हमारा लक्ष्य है।”

 

चुनाव से पहले दिए गए इन वादों से गोड्डा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब नजरें जनता के फैसले पर टिकी हैं।

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!