जामा (दुमका)।
दुमका–मसलिया मुख्य मार्ग एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही का गवाह बना, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 37 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जामा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर गांव के समीप देर शाम हुआ।
मृतक की पहचान मिलन गोराई, निवासी तररा गांव, सिकटिया पंचायत के रूप में हुई है। बताया गया कि मिलन अपने निजी काम निपटाकर घर लौट रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही जामा थाना की पुलिस हरकत में आई। एएसआई सुभाष एक्का दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा फरार अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है।
इधर, जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतक के परिजन सदमे में हैं और घर का माहौल चीख-पुकार से भर गया है। एक पल में परिवार का सहारा छिन जाने से हर आंख नम है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अज्ञात वाहन हादसों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।















Leave a Reply