🚨नोनीहाट लगला चौक पर कहर बनकर आया ट्रैक्टर, बाइक सवार को 10 फीट तक घसीटा
दुमका–भागलपुर मुख्य पथ पर जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत लगला चौक के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को ट्रैक्टर लगभग 10 फीट तक घसीटते हुए ले गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार युवक नोनीहाट से दुमका स्थित अपने घर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रैक्टर नदी से बालू लादकर लगला चौक की तरफ तेज रफ्तार में आ रहा था। बताया गया कि चौक के पास ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन को रेलवे ट्रैक की ओर मोड़ दिया, जिससे सामने से आ रही मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर मोटरसाइकिल में फंस गया। चालक ने वाहन को पीछे कर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया। हालांकि, चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
घायल युवक की पहचान राधेश्याम मांझी (25 वर्ष), निवासी बुढ़ीझीलुवा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही जामा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और बालू ढुलाई करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है















Leave a Reply