151 रन की करारी जीत से सुपर डिविजन में गूंजा गोड्डा का नाम
गुमला/Godda। झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर डिविजन मुकाबले में गोड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चतरा को 151 रन से एकतरफा शिकस्त दी। यह मुकाबला गुमला में खेला गया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गोड्डा की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 276 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से वैभव यादव ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसने मैच की दिशा तय कर दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चतरा की टीम गोड्डा के घातक गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने पूरी तरह बिखर गई और महज 125 रन पर ऑल आउट हो गई। गोड्डा के कप्तान सौरभ मांझी ने गेंद से कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटककर जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
मैच के बाद उत्कृष्ट गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए ऑब्जर्वर सह पूर्व रणजी कोच सतीश सिंह ने सौरभ मांझी को बॉल प्रदान कर सम्मानित किया।
इस दमदार जीत के साथ गोड्डा ने न सिर्फ सुपर डिविजन में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, बल्कि अपने खेल से दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों को भी रोमांचित कर दिया।















Leave a Reply