Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

दुमका नोनीहाट में चोरों का राज! दुकानों–मंदिरों पर लगातार वार, पुलिस की चुप्पी से व्यापारियों में खौफ

नोनीहाट में चोरों का राज! दुकानों–मंदिरों पर लगातार वार, पुलिस की चुप्पी से व्यापारियों में खौफ

हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर रात कुंवर जी चौक के समीप एक बार फिर चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

बजरंगबली मंदिर के बगल में स्थित मन चंचल मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को चादर से ढक दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गल्ले में रखी नकदी समेत ग्राहकों को देने के लिए रखे गए करीब 10 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी रात में बाजार में पहरा दे रहे एक नेपाली युवक ने दुकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने हंसडीहा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।

 

गौरतलब है कि नोनीहाट क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल के दिनों में बजरंगबली मंदिर की दान पेटी, नाग मंदिर की धन पेटी, भदवारी गांव स्थित काली मंदिर से बर्तन व नकदी की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इतना ही नहीं, करीब छह–सात महीने पहले नोनीहाट स्थित राजलक्ष्मी गिफ्ट कॉर्नर में भी चोरी हुई थी, लेकिन लिखित शिकायत के बावजूद आज तक किसी नतीजे पर पुलिस नहीं पहुंच सकी।

 

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारी, दुकानदार और श्रद्धालु दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे आमजन के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं न कहीं चोरों के हौसले प्रशासन की निष्क्रियता से बुलंद हैं।

 

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया जाए और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रह सके।

 

— समाचार आज तक से, नोनीहाट | रिपोर्ट: रमेश कुमार

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!