“गोड्डा की सेहत को मिली डीसी अंजली यादव की ‘डोज़’—सदर अस्पताल में 50 बेड इमरजेंसी से लेकर डायलिसिस तक, स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव”
रिपोर्ट:शाहीन खान
गोड्डा। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ उपायुक्त अंजली यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सुशासन सिर्फ फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखता है। समाहरणालय सभागार में आयोजित अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में डीसी ने सदर अस्पताल की हर कमी, हर ज़रूरत और हर समाधान पर पैनी नज़र रखते हुए ऐसे फैसले लिए, जो सीधे आम मरीजों की राहत बनेंगे।
डीसी ने पूर्व निर्देशों की क्रमवार समीक्षा करते हुए साफ संदेश दिया—अब गोड्डा के मरीजों को समझौते नहीं, सुविधाएं मिलेंगी। रक्त अधिकेंद्र भवन के ऊपर प्रथम तल निर्माण कर ब्लड सेपरेशन यूनिट की स्थापना, ओपीडी में शौचालय निर्माण, बढ़ते मरीजों को देखते हुए 50 बेड वाले इमरजेंसी भवन का निर्माण—ये फैसले सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि स्वास्थ्य क्रांति की ठोस नींव हैं।
वाहन पड़ाव की समस्या से जूझ रहे मरीजों और परिजनों के लिए ओपीडी के सामने चारदीवारी, गेट और शेड का निर्माण; निबंधन-बिलिंग काउंटर पर न्यूनतम शुल्क को क्यूआर कोड से लेने की व्यवस्था; डॉक्टरों के लिए प्रतीक्षालय का सौंदर्यीकरण—हर कदम में डीसी की सोच मरीज-केंद्रित दिखी।
आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों को दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता के लिए स्थानीय दवा विक्रेताओं से MoU, कंप्यूटर सेट की स्थापना, मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए लेंस क्रय, अतिरिक्त मानव बल की तैनाती, ओपीडी और अस्पताल परिसर का सौंदर्यीकरण, दवा भंडारगृह का सुसज्जीकरण और एंबुलेंस की निरंतर मॉनिटरिंग—इन निर्देशों ने साफ कर दिया कि गोड्डा में इलाज अब इंतजार का नाम नहीं होगा।
डायलिसिस मशीन क्रय जैसे बड़े निर्णय ने जिले के गंभीर मरीजों के लिए नई उम्मीद जगा दी है। बैठक में डीसी का स्पष्ट निर्देश रहा कि अस्पताल आने वाला हर मरीज बेहतर, सम्मानजनक और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधा पाए—यही प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एस. सी. शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराकांत झा, हॉस्पिटल मैनेजर मोनाली राय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गोड्डा की सेहत को दिशा देने वाली इस निर्णायक बैठक ने यह साफ कर दिया—डीसी अंजली यादव के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य व्यवस्था अब सिर्फ सुधरेगी नहीं, बल्कि मिसाल बनेगी।















Leave a Reply