भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यशाला, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और भेदभाव खत्म करने का संदेश
रिपोर्ट:- शाहिन खान
गोड्डा। एचआईवी संक्रमण से बचाव के लिए केवल सावधानी ही नहीं, बल्कि सही जानकारी और समय पर जांच भी जरूरी है। इसी संदेश के साथ रविवार को भारती स्कूल ऑफ नर्सिंग, गोड्डा में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, जांच और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने कहा कि एचआईवी को लेकर समाज में आज भी कई तरह की भ्रांतियां हैं। सही जानकारी के अभाव में संक्रमित व्यक्ति के साथ भेदभाव की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के जरिए संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त या रक्त उत्पाद, संक्रमित सुई-सिरिंज के इस्तेमाल तथा संक्रमित मां से बच्चे में संक्रमण पहुंचने से एचआईवी फैल सकता है। युवाओं को जोखिम से बचने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।
लक्षण नहीं दिखें तो भी जांच जरूरी
कार्यशाला में बताया गया कि एचआईवी संक्रमण के शुरुआती चरण में हमेशा स्पष्ट लक्षण दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है। इसलिए जोखिम की स्थिति में केवल लक्षणों का इंतजार करने के बजाय समय पर जांच कराना महत्वपूर्ण है। लगातार बुखार, वजन कम होना, अत्यधिक थकान, बार-बार संक्रमण, लंबे समय तक खांसी या दस्त जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई।
सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क जांच की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एचआईवी जांच निःशुल्क उपलब्ध है। जिला अस्पताल, गोड्डा स्थित आईसीटीसी सेंटर में काउंसलिंग एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध हैं। एचआईवी से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1097 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यशाला में युवाओं से एचआईवी के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की अपील की गई। साथ ही संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव नहीं करने का संदेश दिया गया।
मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, सिस्टर सुशीला हंसदा, यूसीएफ प्रहलाद कुमार, सहिया साथी ललिता सोरेन सहित अन्य उपस्थित रहे।
