उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने की Infrastructure एवं R&R Plan की समीक्षा, भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान के लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर जोर
रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा, 12 अगस्त। जिले में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की खनन परियोजनाओं से जुड़े विकास कार्यों और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में ECL की विभिन्न परियोजनाओं के Infrastructure एवं R&R Plan की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने ECL की परियोजनाओं की प्रगति के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में ECL के अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से राजमहल क्षेत्र की विभिन्न खनन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कोयला उत्पादन, ओवर बर्डन रिमूवल (OBR), कोयला डिस्पैच, उपलब्ध भंडार, बुक स्टॉक तथा भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की।
डीसी लोकेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं को गति देना जरूरी है, लेकिन इसके साथ परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के अधिकार और हितों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने R&R Plan के तहत आने वाले सभी मामलों में नियमानुसार प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने तथा प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने ECL और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने का निर्देश दिया।
डीसी ने Infrastructure एवं R&R Plan की नियमित समीक्षा करने तथा परियोजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को भी कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव, संबंधित अंचल पदाधिकारी, ECL के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
