गोड्डा में झामुमो की जिला बैठक में SIR, बूथ कमेटी और छात्र आंदोलन पर मंथन, 1.92 लाख मतदाताओं के नामों में त्रुटि सुधारने की जिम्मेदारी BLA-2 को
Edit by शाहीन खान
गोड्डा। किसान भवन, गोड्डा में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला समिति के पदाधिकारियों, केंद्रीय समिति सदस्यों, प्रखंड एवं नगर समिति के अध्यक्ष-सचिव तथा विभिन्न वर्ग संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में विशेष रूप से SIR, बूथ कमेटियों के गठन और छात्र आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिले का SIR स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि सुंदरपहाड़ी और बोआरीजोर प्रखंड को छोड़कर कुल 9,65,465 इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से 8,45,228 फॉर्म जमा हुए, जबकि 1,20,237 फॉर्म अब तक जमा नहीं हुए हैं। वहीं करीब 1,92,625 मतदाताओं के नामों में त्रुटियां सामने आने की बात कही गई। पार्टी ने इन त्रुटियों को दूर कराने के लिए प्रत्येक BLA-2 को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया है, ताकि सही मतदाताओं को आवश्यक सहयोग मिल सके।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच ड्राफ्ट मतदाता सूची का बूथवार वितरण भी किया गया। जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार ने ड्राफ्ट मतदाता सूची में नामों की जांच, दावा-आपत्ति दर्ज कराने, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
अगस्त के अंत तक हर हाल में बूथ कमेटी गठित करने का निर्देश
बूथ कमेटियों के गठन की समीक्षा करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिन प्रखंडों में अभी तक बूथ कमेटियों का गठन नहीं हो पाया है, वे किसी भी परिस्थिति में अगस्त माह के अंत तक बूथ कमेटी का गठन कर सूची जमा करें। उन्होंने कहा कि अगले महीने से बूथ कमेटी के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाना है, इसलिए गठन की प्रक्रिया समय पर पूरी करना जरूरी है।
छात्र आंदोलन पर BJP पर साधा निशाना
बैठक में छात्र आंदोलन को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने छात्रों की अधिकांश मांगों को मानने और उनके समाधान का भरोसा देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।
जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करना हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि छात्र लगातार शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा पर आंदोलन को राजनीतिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान भाजपा और ABVP के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के बीच पथराव कर पुलिस को लाठीचार्ज के लिए मजबूर करने का प्रयास किया। हालांकि, यह आरोप पार्टी की ओर से लगाया गया है।
झारखंड बंद को लेकर भी भाजपा पर हमला
प्रो. कुमार ने भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम लोगों ने बंद को नकार दिया। उन्होंने कहा कि गोड्डा जैसे स्थान पर बंद को सफल बनाने के लिए कुछ ही लोगों के मौजूद रहने की स्थिति हास्यास्पद है।
उन्होंने भाजपा पर झारखंड में लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए राज्य को लूटने का आरोप लगाते हुए जेपीएससी, व्याख्याता और शिक्षक नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
जिला अध्यक्ष ने छात्रों से मुख्यमंत्री पर विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों की मांगें पूरी की जाएंगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
