विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा— दोषियों पर कार्रवाई जारी, छात्रों के सुझावों का होगा स्वागत
रांची, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री Hemant Soren ने बुधवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं की चिंताएं सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या केवल झारखंड की नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों के युवाओं के सामने खड़ी एक बड़ी राष्ट्रीय चुनौती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। संबंधित जांच एजेंसियां दिन-रात जांच में जुटी हैं और मामले में शामिल दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल जांच और कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को इस समस्या का ठोस और स्थायी समाधान उपलब्ध कराना है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार के दरवाजे सभी छात्रों और अभ्यर्थियों के लिए खुले हैं। जिन युवाओं की कोई मांग, सुझाव या शिकायत है, वे अपनी बात सरकार के समक्ष रख सकते हैं। उनकी प्रत्येक बात को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा और उचित कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
