लता गांव में एसडीओ के नेतृत्व में औचक छापेमारी, उत्पाद विभाग को सौंपी गई जब्त शराब; शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Edit by: शाहीन खान 

गोड्डा, 5 अगस्त।गोड्डा जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पोड़ैयाहाट प्रखंड के लता गांव में औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में कुल 10 कार्टन अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

प्रशासन के अनुसार, शराब माफिया रमेश गुप्ता के ठिकाने पर की गई छापेमारी में 5 कार्टन इंपीरियल ब्लू, 4 कार्टन रॉयल स्टैग और 1 कार्टन अन्य ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब के भंडारण और पैकेजिंग में इस्तेमाल किए जा रहे कार्टन, गत्ता और अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है। मामले में उत्पाद विभाग द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ उत्पाद अधीक्षक, पोड़ैयाहाट के अंचल अधिकारी तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे। प्रशासन ने इसे जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई बताया है।

अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोड्डा जिले को नशामुक्त और अवैध शराब कारोबार से मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *