रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा, प्रतिनिधि। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर और ट्रेलर को पुलिस ने सकुशल बरामद करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वाहन चोरी के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के महुआटीड गांव निवासी परमानंद साह का महिंद्रा 475 DI MKM DLX ट्रैक्टर एवं ट्रेलर चालक के घर के समीप से अज्ञात अपराधियों द्वारा चोरी कर लिया गया था। मामले में सुंदरपहाड़ी थाना कांड संख्या-20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानव आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर लगातार जांच आगे बढ़ाई।
गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर और ट्रेलर को बरामद कर लिया। इस दौरान मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में संचित कुमार उर्फ भोला (दुमका), नवनीत कुमार राणा (दुमका), जगेश पाल (मसलिया), आलोक कुमार पाल (दुमका) तथा प्रहल्लाद गोरांय (जामताड़ा) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नवनीत कुमार राणा का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
बरामद वाहन में महिंद्रा 475 DI MKM DLX ट्रैक्टर और उसका ट्रेलर शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के संगठित गिरोह की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
छापामारी अभियान में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधानचंद्र पटेल, गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा सहित सुंदरपहाड़ी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की सक्रिय भूमिका रही।
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में वाहन चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखें, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें। जनता का सहयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
