देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देवघर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवघर क्षेत्र में संचालित सभी टोटो और ऑटो का सत्यापन कर उन्हें एक विशिष्ट कोड संख्या (कोडिंग नंबर) प्रदान किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी यह कोड प्रत्येक टोटो और ऑटो के बॉडी पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालु वाहन की पहचान आसानी से कर सकें। किसी भी प्रकार की शिकायत, दुर्घटना, गुमशुदगी या अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में वाहन के कोड नंबर के आधार पर उसकी त्वरित पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
देवघर पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से मेला क्षेत्र में बाहर से आने वाले अनधिकृत टोटो और ऑटो के परिचालन पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा। इससे भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान केवल कोडिंग नंबर वाले सत्यापित टोटो और ऑटो का ही उपयोग करें तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहन का कोड नंबर सुरक्षित रूप से नोट कर लें। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में सुविधा होगी।
देवघर पुलिस की इस पहल को श्रावणी मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
