धनबाद में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष को सम्मान-पत्र व स्मृति-चिह्न प्रदान, गोड्डा शाखा ने बताया गौरव का क्षण
Edit by: Shahin Khan
गोड्डा/धनबाद:
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के रजत जयंती वर्ष समारोह में गोड्डा के युवा समाजसेवी एवं मंच के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रितम गाडिया को उनके उत्कृष्ट संगठनात्मक योगदान के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया। धनबाद के होटल क्लार्क्स इन में आयोजित इस भव्य समारोह में संगठन की पहली से लेकर वर्तमान दसवीं प्रांतीय कार्यकारिणी तक के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
प्रितम गाडिया, जिन्होंने वर्ष 2015 से 2018 तक झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर उनके योगदान की सराहना की गई। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश जैन, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराम सुल्तानिया, प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पड़िया, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राकेश मोदी सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम की मेजबानी मारवाड़ी युवा मंच, धैया शाखा ने की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रितम गाडिया ने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और संगठन की सेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने संगठन के संस्थापक सदस्यों, वरिष्ठजनों, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों तथा आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, सामाजिक सेवा, संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं, मारवाड़ी युवा मंच गोड्डा शाखा के सचिव अंकित गाडिया ने इसे पूरी गोड्डा शाखा के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।
