भागलपुर News: 2 जुलाई को हुई थी शादी… 17 दिन बाद उजड़ गया सुहाग
भागलपुर/सुल्तानगंज: सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने नवविवाहित दंपती की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार हाइवा ट्रक की टक्कर से 20 वर्षीय नवविवाहिता रोशनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी जुल्फिकार अपनी पत्नी रोशनी देवी के साथ बांका जिले के शंभूगंज स्थित उनके मायके से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सुल्तानगंज के शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायल पति का दर्द हर किसी की आंखें नम कर गया। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को ही उनकी शादी हुई थी और दोनों नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर बेहद खुश थे। उन्होंने रोते हुए कहा, “हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था कि यह हादसा मेरी दुनिया उजाड़ गया।”
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गया। सूचना मिलने पर सुल्तानगंज थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सवाल खड़े करता है। कुछ ही सेकंड की लापरवाही ने एक नवविवाहित परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। अब इलाके के लोग ऐसे हादसों को रोकने के लिए भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।
