झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, गोड्डा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची, 18 जुलाई। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। मेदिनीनगर में 21 मिमी, रांची में 14 मिमी तथा सिमडेगा में सबसे अधिक 34 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची के तापमान में भी गिरावट आई। यहां अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *