डीसी-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर रखी पैनी नजर; 79.72% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
गोड्डा, 19 जुलाई। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को गोड्डा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
परीक्षा के दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने महिला महाविद्यालय, गोड्डा एवं प्लस टू उच्च विद्यालय समेत कई परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूरी परीक्षा अवधि में जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी 17 परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई, जिससे परीक्षा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकी।
परीक्षा के आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया। जिले में कुल 7,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से केवल 1,466 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,763 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 20.28 प्रतिशत उपस्थिति और 79.72 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के सफल आयोजन के बाद जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।
