रिपोर्ट -:शाहीन खान
गोड्डा, 3 जुलाई। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हनवारा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संग्रामपुर पुल पर वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 56 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की खेप बाइक की डिक्की और सीट के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गिट्टी, बालू, कोयला एवं शराब के विरुद्ध लगातार चल रही कार्रवाई के क्रम में 2 जुलाई को सूचना मिली थी कि परसा के रास्ते संग्रामपुर की ओर एक युवक बाइक से अवैध शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार के नेतृत्व में संग्रामपुर पुल पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान BR-10R-2271 नंबर की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। बाइक की डिक्की एवं सीट के नीचे से 23 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (375 एमएल) और 33 बोतल रॉयल स्टैग (375 एमएल), कुल 56 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब और बाइक से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार युवक की पहचान एहसान मंसूरी (18 वर्ष), पिता जमील मंसूरी, निवासी टनकमास, थाना सन्हौला, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में हनवारा थाना कांड संख्या 27/26 दिनांक 2 जुलाई 2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
