प्रमोद लाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिवहन पदाधिकारी से की मुलाकात, मांग स्वीकार होने पर कार्यकर्ताओं ने जताया आभार

 

जमशेदपुर, 4 जुलाई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश तथा राज्य परिवहन विभाग की पहल पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे झारखंड में प्रखंड स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस (चालक अनुज्ञप्ति) निर्गत करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी शिविरों की अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड को सूची से बाहर रखे जाने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आपत्ति जताई।

 

इस संबंध में झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल के नेतृत्व में पार्टी के वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चलाए जा रहे जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी 11 प्रखंडों में शिविर आयोजित किए जाने चाहिए, जबकि विभाग द्वारा जारी सूची में केवल 10 प्रखंडों को शामिल किया गया था और गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड को छोड़ दिया गया था।

झामुमो नेताओं ने परिवहन पदाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड के अंतर्गत 55 पंचायतें आती हैं। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोग निवास करते हैं, जिन्हें ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय तक 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में इस प्रखंड में भी विशेष शिविर आयोजित किया जाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजना का लाभ उठा सकें और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।

प्रतिनिधिमंडल की मांग पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड को भी विशेष शिविर की सूची में शामिल करने का निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दे दिया। इसके बाद झामुमो नेताओं ने विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

 

ज्ञापन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा और चालक अनुज्ञप्ति अभियान की भी सराहना की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सभी प्रखंडों में समान रूप से शिविर आयोजित होने से अधिकाधिक नागरिकों को सुविधा मिलेगी और विभाग के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

 

इस अवसर पर झामुमो के वरीय नेता आदित्य प्रधान, खुद्दू उरांव, अभय पाण्डेय, उमेश गिरी, कृपाल सिंह, चंदन लाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *