- ‘ऑपरेशन-दौरा पहाड़’ में बड़ी सफलता: 2.20 करोड़ का इनामी शीर्ष माओवादी समेत पांच गिरफ्तार, AK-47 सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद
रांची। झारखंड पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान “ऑपरेशन-दौरा पहाड़” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले तीन दशकों से सक्रिय भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेतृत्व पर करारा प्रहार किया है। अभियान के दौरान कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य (PBM) को गिरफ्तार किया गया। इस पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपये तथा ओडिशा सरकार ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इसके अलावा पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य (RCM), एक एरिया कमेटी सदस्य (ACM) तथा दो अन्य माओवादी कैडरों को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार माओवादियों के कब्जे से तीन AK-47 राइफलें, आठ मैगजीन तथा 288 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह बरामदगी माओवादियों की सैन्य क्षमता को बड़ा झटका देने वाली है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शीर्ष माओवादी नेता पिछले करीब तीन दशकों से झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भाकपा (माओवादी) के नेटवर्क का प्रमुख रणनीतिकार रहा है। संगठन के विस्तार, प्रशिक्षण, हथियारों की आपूर्ति तथा विभिन्न नक्सली गतिविधियों में इसकी अहम भूमिका रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से माओवादी संगठन की रणनीतिक एवं संचालन क्षमता पर गंभीर असर पड़ेगा। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इसे नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति एवं विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मुख्य बिंदु:
- ऑपरेशन “दौरा पहाड़” में बड़ी सफलता।
- 2.20 करोड़ का इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य गिरफ्तार।
- 15 लाख का इनामी RCM, एक ACM और दो अन्य कैडर भी दबोचे गए।
- तीन AK-47, आठ मैगजीन और 288 कारतूस बरामद।
- झारखंड, बिहार, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल में तीन दशक से सक्रिय शीर्ष माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका।
