सुरेश अग्रवाल बोले— युवाओं व महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को और सशक्त बनाना होगा

गोड्डा, प्रतिनिधि।
अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का शनिवार को गोड्डा आगमन पर जिला इकाई की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, सामाजिक सेवा गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने वाला मजबूत मंच है। उन्होंने पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान तेज करने, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में संगठन की भूमिका को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन ने संगठन की आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी जिला इकाइयों से बेहतर समन्वय और सक्रिय भागीदारी की अपील की। वहीं वरीय उपाध्यक्ष ललित पोद्दार एवं मुख्यालय उपाध्यक्ष पवन पोद्दार ने समाज सेवा को संगठन की सबसे बड़ी पहचान बताते हुए प्रत्येक सदस्य से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान संगठन के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रमंडलीय उपाध्यक्ष प्रितम गाडिया एवं गोड्डा जिला अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल को प्रांतीय अध्यक्ष ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर ही संगठन लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

बैठक में प्रमंडलीय उपाध्यक्ष सुभाष पटवारी (रांची), कार्यकारिणी सदस्य रमन बोरा, शुभकरण भगत, बिजय परशुरामका, ओमप्रकाश टेकरीवाल, मुकेश गाडिया, महेश बजाज, राजेश टेकरीवाल, प्रकाश अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल, पियूष खेमानी, राकेश अग्रवाल, बिजय बजाज सहित बड़ी संख्या में सम्मेलन के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संगठन को और सशक्त बनाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा सेवा कार्यों को नई गति देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *