बोगली मोड़ पर फिर तेज रफ्तार का कहर

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद दुमका रेफर

नोनीहाट, संवाददाता।

बासुकीनाथ–नोनीहाट मुख्य मार्ग पर स्थित बोगली मोड़ एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। शनिवार को यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल की जान बचाने की कोशिश की गई।

जानकारी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय गौतम कुमार बासुकीनाथ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जरमुंडी थाना क्षेत्र के बोगली गांव के समीप खतरनाक मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल को गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा उपलब्ध कराई गई नमो सेवा एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जरमुंडी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है।

बोगली मोड़ बना हादसों का ब्लैक स्पॉट

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोगली मोड़ पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तीखा मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *